अलाव की रौशनी में समस्या के समाधान का प्रयास

0

अलाव की रौशनी में समस्याओं के समाधान का प्रयास।
सर्द रातों में किसानों तक पहुंच रहे लेखपाल घिल्डियाल।
कालाढूंगी। संवाददाता: जाहिद हबीबी। जनवरी की कड़ाके की ठंड में जब आम लोग अंधेरा होते ही अपने घरों में हीटर और रजाइयों का सहारा ले रहे हैं, उसी दौरान कालाढूंगी तहसील के राजस्व उप निरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल सर्द रातों में गांव-गांव पहुंचकर किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को सुन रहे हैं। उनके द्वारा आयोजित रात्रि चौपाल क्षेत्र में प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु बनकर उभरी है। जनपद नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल के आदेशों एवं एसडीएम कालाढूंगी विपिन चंद्र पंत के निर्देश पर तहसील कालाढूंगी क्षेत्र में निर्विवाद उत्तराधिकार मामलों के त्वरित निस्तारण की विशेष पहल की जा रही है। इस पहल के तहत चौपालों के माध्यम से मौके पर ही प्रकरण दर्ज कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
*अलाव के बीच सुनी जा रही ग्रामीणों की समस्याएं*
राजस्व उप निरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल द्वारा लगातार रात्रि चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। सर्द रातों में अलाव के बीच ग्रामीण एकत्र होकर अपनी भूमि एवं उत्तराधिकार से जुड़ी समस्याएं साझा कर रहे हैं। प्रशासन की टीम मौके पर ही दस्तावेजों की जांच कर निर्विवाद मामलों का समाधान कर रही है, जिससे ग्रामीणों को तहसील कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं काटने पड़ रहे।
*120 से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण*
एसडीएम विपिन चंद्र पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद तहसील कालाढूंगी के अंतर्गत अब तक 120 से अधिक निर्विवाद उत्तराधिकार मामलों का त्वरित रूप से निस्तारण किया जा चुका है। साथ ही सभी संबंधित पटवारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खतौनियों का वाचन करते हुए ऐसे मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
*किसानों और ग्रामीणों में खुशी*
इस पहल से किसानों और आम ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
*जनोन्मुखी प्रशासन का उदाहरण*
रात्रि चौपाल की यह पहल शासन की जनोन्मुखी, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासनिक सोच को धरातल पर साकार करती है। ग्रामीणों ने डीएम नैनीताल एवं एसडीएम कालाढूंगी की इस पहल की सराहना करते हुए राजस्व उप निरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल का आभार व्यक्त किया है, जो सर्द रातों में भी जनता की सेवा में तत्पर नजर आ रहे हैं।

Loading


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!