रात भर अंधेरे में डूबा रहा कालाढूंगी।
कालाढूंगी(नैनीताल)। जाहिद हबीबी: 
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई दिनों से रात होते ही बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाती है। कभी कुछ देर के लिए बिजली जाती है तो कभी बार-बार ट्रिपिंग होने लगती है। लेकिन शुक्रवार की रात स्थिति बेहद खराब रही, जब पूरी रात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप रही। गर्मी के मौसम में बिजली न होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
रात के समय लोगों ने बिजली विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन विभागीय कर्मचारियों के कुछ मोबाइल नंबर बंद मिले। वहीं कुछ अधिकारियों द्वारा ऊपर से कटौती होने की बात कही गई। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना दे दी जाए तो लोग अपनी व्यवस्था पहले से कर सकते हैं, लेकिन बिना सूचना के पूरी रात बिजली गुल रहना गंभीर समस्या है।
व्यापारियों ने भी बताया कि लगातार हो रही बिजली कटौती से व्यापार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय जनता ने बिजली विभाग से मांग की है कि कालाढूंगी क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाए और बार-बार हो रही कटौती पर रोक लगाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
![]()
